पंजाब के कैबिनेट में फेरबदल


चंडीगढ़: – (कुणाल तेज़ी / परमजीत पम्मा / जसकीरत राजा) पंजाब के मंत्रियों में संभावित कैबिनेट फेरबदल को देखते हुए शुक्रवार दिनभर भारी हलचल मची रही। कई मंत्रियों ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह से मुलाकात करने के प्रयास किए। कुछ मंत्रियों के प्रयास सफल हुए जबकि कुछ मुख्यमंत्री से मुलाकात करने में सफल नहीं हो पाए। संभावित फेरबदल को देखते हुए अब मुख्यमंत्री भी फूंक-फूंक कर कदम बढ़ा रहे हैं।
मुख्यमंत्री के करीबियों का मानना है कि जिस तरह से केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने निकम्मी कारगुजारी वाले मंत्रियों का पत्ता साफ कर दिया है, उसी तरह कैप्टन अमरेन्द्र सिंह से भी अब साहसिक कदम की उम्मीद की जा रही है। कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी के एक दाव ने ही पंजाब की राजनीति में भारी उलट-फेर ला दिया है। कैप्टन अमरेन्द्र सिंह को कैबिनेट में फेरबदल के आदेश देकर सोनिया ने यह स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि वह राज्य में अनुशासनहीनता को सहन नहीं करेंगी। कुछ मंत्री सार्वजनिक बयानबाजी के कारण भी सुर्खियों में आ गए हैं।
कांग्रेस में माना जा रहा है कि कुछ मंत्रियों को यह उम्मीद नहीं थी कि सोनिया गांधी कैप्टन अमरेन्द्र सिंह की पीठ पर हाथ रख देंगी। वह सोनिया की राजनीति को भांपने में सफल नहीं हो सके। यही दाव कुछ मंत्रियों को उलटा पड़ सकता है। मंत्रियों में इसलिए भी बेचैनी पाई जा रही है क्योंकि कुछ मंत्रियों में उनके विभाग परिवर्तित होने का भय पाया जा रहा है। अब कैप्टन अंतत: क्या कदम उठाएंगे इसका पता तो उन्हें स्वयं ही है।
अब वह मंझे हुए राजनीतिज्ञ की तरह व्यवहार कर रहे हैं। उनके मन में क्या है उस बारे उनके निकटवर्तियों को भी ज्ञान नहीं है। राजनीति की बिसात वह स्वयं बिछाने में लगे हुए हैं। कैप्टन क्या निर्णय लेंगे इसके बारे में उन्होंने जो ब्ल्यू प्रिंट तैयार किया है वह अकेले में तैयार किया है। इसमें उन्होंने मंत्रियों की कारगुजारी का आकलन कर लिया है।

One thought on “पंजाब के कैबिनेट में फेरबदल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!